आज के समय में किसान कम जगह में ज्यादा से ज्यादा पैदावार कर मुनाफा प्राप्त करना चाहते हैं. अगर आप भी कम जगह में अधिक उत्पादन चाहते हैं तो ये खबर आपके काम की होने वाली है. यहां हम आपको बताएंगे कि किसान भाई जहरीले कीटनाशक की जगह मित्र कीट का उपयोग कर सकते हैं. जिससे उन्हें बम्पर पैदावार हासिल होगी.
एक्सपर्ट्स की मानें तो फसलों को विभिन्न प्रकार के कीट रोगों के आक्रमण से काफी क्षति होती है. इनके नियंत्रण के लिए अभी तक जहरीले कीटनाशक रसायनों का ही प्रयोग किया जाता है. जिससे पर्यावरण प्रदूषित होना, कीटों में अवरोधी क्षमता का विकास होना, कीट रोगों का बढ़ना, प्राकृतिक जीवन चक्र में असंतुलन, खेती के खर्च में वृद्धि के साथ-साथ मनुष्य और जानवरों के शरीर में भोजन व पानी के जरिए कीटनाशकों के अवशेषों का बढ़ना, इससे नई-नई बीमारियां पैदा होती हैं. इन समस्याओं का ध्यान रखते हुए किसानों को मित्र कीटों का इस्तेमाल करना चाहिए.
मित्र कीटनाशक का उपयोग कीटों के प्रबल प्रतिरोधक प्रणाली को प्रोत्साहित करने में मदद कर सकता है. ये कीटनाशक केवल निश्चित प्रकार के कीटों को प्रभावित करते हैं, जिससे फसल की पैदावार में सुधार हो सकता है और पर्यावरण पर कम असर पड़ता है. इसके अलावा आप अपने स्थानीय कृषि विशेषज्ञों से सलाह ले सकते हैं. जिन्हें पौधों की परिस्थितियों और आपके क्षेत्र के लिए सबसे उपयुक्त कीटनाशक की जानकारी हो. सही तरीके से पौधों की देखभाल करने, समय पर बुआई करने और पौधों की स्वास्थ्य की निगरानी करने से आपकी पैदावार में सुधार हो सकता है और आपको जहरीले कीटनाशकों के अत्यधिक उपयोग से बचाएगा.
क्या बोले एक्सपर्ट्स
कृषि विशेषज्ञ डॉ. आकांक्षा सिंह ने बताया कि केंचुए किसानों के सबसे अच्छे मित्र के रूप में जाने जाते हैं क्योंकि वे मिट्टी की उर्वरता बढ़ाने में मदद करते हैं और इस प्रकार उगाई जाने वाली फसलों की उपज में वृद्धि करते हैं. केंचुए के नाइट्रोजन युक्त अपशिष्ट और अन्य अपशिष्ट उत्पाद पौधों के लिए भोजन बनाते हैं.

